बरेली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलने लगे हैं। आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामने के बाद अब भगवा खेमा उनकी राजनीतिक काट तलाशने में जुट गया है। भाजपा ने धर्मेंद्र कश्यप के सगे बहनोई एडवोकेट जयपाल सिंह कश्यप को ओबीसी मोर्चा का ब्रज क्षेत्रीय महामंत्री बनाकर बड़ा सियासी संदेश दिया है। राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को महज संगठनात्मक फेरबदल नहीं, बल्कि कश्यप वोट बैंक में धर्मेंद्र कश्यप के प्रभाव को सीमित करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
धर्मेंद्र के मुकाबले बहनोई पर दांव, कश्यप वोटों की लड़ाई हुई दिलचस्प
धर्मेंद्र कश्यप के सपा में जाने के बाद भाजपा के सामने आंवला लोकसभा क्षेत्र समेत बरेली के कई विधानसभा क्षेत्रों में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को साधे रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। खासकर कश्यप समाज में धर्मेंद्र की पकड़ को देखते हुए पार्टी नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रही है। इसी सियासी गणित के बीच जयपाल सिंह कश्यप की पदोन्नति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रहे जयपाल को सीधे ब्रज क्षेत्र में महामंत्री की जिम्मेदारी मिलना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। चर्चा है कि भाजपा उन्हें धर्मेंद्र कश्यप के समानांतर कश्यप समाज के एक नए चेहरे के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर सकती है।
कश्यप वोट बैंक में सेंध रोकने को भाजपा की नई बिसात
सियासी जानकारों का मानना है कि धर्मेंद्र कश्यप के समाजवादी पार्टी में जाने से भाजपा को कश्यप समाज के एक हिस्से में राजनीतिक नुकसान की आशंका है। ऐसे में पार्टी की कोशिश है कि धर्मेंद्र के साथ समाज का बड़ा वोट बैंक सपा की ओर न खिसकने पाए।
जयपाल कश्यप को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने के पीछे इसी समीकरण को साधने की रणनीति देखी जा रही है। हालांकि जयपाल का चुनावी प्रभाव फिलहाल धर्मेंद्र कश्यप के मुकाबले सीमित माना जाता है, लेकिन समाज के बीच उनके संपर्क और संगठन से लंबे जुड़ाव को भाजपा के लिए उपयोगी माना जा रहा है।
सिर्फ जयपाल नहीं, दूसरे कश्यप नेताओं पर भी भाजपा की नजर!
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि भाजपा की रणनीति केवल जयपाल कश्यप को आगे बढ़ाने तक सीमित नहीं है। जिले के अन्य प्रभावशाली कश्यप नेताओं को भी पार्टी से जोड़ने की कवायद शुरू होने की बात कही जा रही है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप का नाम भी संभावित नेताओं की कतार में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि शिवचरण कश्यप के भाजपा में शामिल होने या इस संबंध में किसी बातचीत की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल इसे राजनीतिक अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है। यदि आने वाले दिनों में भाजपा कश्यप समाज के अन्य नेताओं को अपने साथ जोड़ने में सफल होती है, तो बरेली और आंवला क्षेत्र में पिछड़े वर्ग की राजनीति का समीकरण बदल सकता है।
रिश्तेदारी अपनी जगह, सियासी रास्ते हुए अलग
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू धर्मेंद्र कश्यप और जयपाल सिंह कश्यप के बीच पारिवारिक रिश्ता है। दोनों आपस में साले-बहनोई हैं, लेकिन राजनीतिक विचारधारा और दलगत निष्ठा के मामले में अलग-अलग रास्तों पर खड़े हैं। धर्मेंद्र कश्यप वर्ष 2013 में समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद 2014 में भाजपा ने उन्हें आंवला लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। हाल में राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी से उनकी नाराजगी बढ़ने की बात सामने आई और उन्होंने भाजपा छोड़कर दोबारा सपा का दामन थाम लिया। जयपाल सिंह कश्यप वर्ष 2012 से भाजपा से जुड़े हुए हैं। वह जय परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ बरेली बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी हैं।
धर्मेंद्र बोले- जयपाल से हमारी कोई बराबरी नहीं
जयपाल सिंह कश्यप की पदोन्नति को लेकर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की प्रतिक्रिया भी सियासी चर्चा का विषय बनी हुई है। धर्मेंद्र ने कहा कि सबकी अपनी-अपनी राजनीति है। जयपाल सिंह कश्यप की उनसे कोई बराबरी नहीं है। वह तीन बार जिला पंचायत का चुनाव हार चुके हैं और उनसे उनका कोई संपर्क भी नहीं है। दूसरी ओर, जयपाल सिंह कश्यप का कहना है कि वह लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। धर्मेंद्र कश्यप की विचारधारा अलग है और उनकी अपनी विचारधारा अलग। पार्टी ने सोच-समझकर ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी होगी।
2027 से पहले आंवला में दिलचस्प होगी कश्यप राजनीति
धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप को समाजवादी पार्टी की ओर से बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलने की चर्चा भी राजनीतिक माहौल को गर्माए हुए है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं है। ऐसे में भाजपा के सामने दोहरी चुनौती दिखाई दे रही है। एक तरफ धर्मेंद्र कश्यप के राजनीतिक प्रभाव को सीमित करना और दूसरी तरफ कश्यप समाज में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखना। जयपाल सिंह कश्यप को ब्रज क्षेत्रीय महामंत्री बनाने के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा उन्हें चुनावी राजनीति में कितनी बड़ी भूमिका देती है और क्या दूसरे दलों के कश्यप नेताओं को भी अपने पाले में लाने में सफल हो पाती है। फिलहाल बरेली की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा का यह नया दांव धर्मेंद्र कश्यप के सियासी प्रभाव को कमजोर कर पाएगा या फिर 2027 के चुनाव में कश्यप वोट बैंक को लेकर मुकाबला और दिलचस्प होगा?