रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज में आयोजन
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज में दीपावली के उपलक्ष्य में दीप निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक दीपक बनाए। विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और सजावटी सामग्रियों से दीपों को सुंदर रूप दिया।
भारतीय संस्कृति और हस्तकला को बढ़ावा
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और कलात्मक अभिरुचि का विकास करना तथा स्वदेशी कला एवं हस्तकला को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय की प्रेरणा और सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पांडेय के मार्गदर्शन में हुआ।
कक्षा के अनुसार घोषित किए गए विजेता
प्रतियोगिता में कक्षा नौ की काजल ने प्रथम और भावना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा आठ में रितेश प्रथम, श्रेया द्वितीय और मिष्टी तृतीय रहीं। कक्षा सात में दीक्षा ने प्रथम और रोशनी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा छह में रिया प्रथम और हिमांशु द्वितीय स्थान पर रहे।
प्रधानाचार्या ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
प्रधानाचार्या डॉ. बिनीता प्रकाश ने विजेता विद्यार्थियों सहित सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है। आयोजन में सांस्कृतिक प्रमुख मनप्रीत कौर के साथ शिक्षक अभिषेक चौधरी, अनुज बलियान, बेबी शर्मा, डॉ. पुष्पलता सिंह, सुनीता भारती और अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा।