google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSAI चित्र।

बरेली। पहले व्हाट्सएप पर दोस्ती, फिर उधार के बहाने होटल में बुलावा और वहां पहुंचते ही तमंचे के दम पर बंधक बनाकर वसूली की कोशिश। बरेली में एक युवक ने युवती समेत चार लोगों पर हनीट्रैप में फंसाकर ठगी करने और निजी चैट वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर वीडियो भी बनाया और अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की। मामले में पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। उनके आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाहजहांपुर के सदर थाना क्षेत्र के मोहल्ला हाथी थान निवासी मोहिद के मुताबिक, उसके पिता का मकान बरेली के फरीदपुर स्थित मोहल्ला ऊंचा में है। वह करीब दो महीने पहले तक वहां किराने की दुकान चलाता था, लेकिन अब फैक्ट्री में अप्रेंटिस की नौकरी कर रहा है। आरोप है कि दुकान के पास रहने वाली शिफा ने 17 अक्टूबर को व्हाट्सएप पर उससे दो हजार रुपये उधार मांगे। रुपये एक व्यक्ति के क्यूआर कोड पर डलवाकर अगले दिन फरीदपुर आकर वापस लेने की बात कही।

होटल के कमरे में तमंचा दिखाकर बनाया बंधक

पीड़ित के अनुसार, 18 अक्टूबर की सुबह शिफा ने उसे बरेली के आलमगिरिगंज स्थित वसुंधरा होटल बुलाया। सुबह करीब 8:20 बजे वह होटल पहुंचा तो शिफा वहां नहीं मिली। आरोप है कि इसके बजाय तीन युवक उसे होटल के कमरा नंबर 202 में ले गए। इनमें नन्नू, जीशान का भाई और एक अन्य युवक शामिल था। पीड़ित का आरोप है कि नन्नू ने तमंचा निकालकर उसका मोबाइल छीन लिया और उसे बंधक बना लिया। इसके बाद उसकी कुर्ते की जेब से 16 हजार रुपये निकाल लिए।

चैट वायरल करने की धमकी, दो लाख की मांग

मोहिद का आरोप है कि युवकों ने उसे धमकाया कि शिफा के साथ उसकी व्हाट्सएप चैट उनके पास है। दो लाख रुपये नहीं देने पर चैट वायरल कर उसकी बदनामी करने की धमकी दी गई। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर 50 हजार, 40 हजार और एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की, लेकिन लेनदेन सफल नहीं हुआ। बाद में एक अन्य व्यक्ति के मोबाइल पर 40 हजार रुपये भेजने का प्रयास भी विफल रहा।

डीएम बंगले के सामने एटीएम से लेकर जनसेवा केंद्र तक घुमाया

पीड़ित के मुताबिक, आरोपी उसे डराकर सिविल लाइंस में डीएम के बंगले के सामने स्थित एटीएम पर ले गए, जहां से रुपये निकालने की कोशिश की गई, लेकिन पैसे नहीं निकले। इसके बाद उसे बरेली जंक्शन के पास मदाकिनी होटल के बाहर जनसेवा केंद्र ले जाया गया। वहां आधार के जरिए रुपये निकालने का प्रयास किया गया। आरोप है कि आखिर में उसे सौ फुटा रोड स्थित वीर सावरकर नगर में फैज अस्पताल के सामने सिटी हार्डवेयर की दुकान पर ले जाकर एक व्यक्ति के यूपीआई खाते में पांच हजार रुपये डलवाए गए।

फोन से चैट डिलीट की, अब भी दे रहे धमकी

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल से चैट डिलीट करने के बाद फोन वापस कर दिया। इसके बाद भी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे धमकाया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उसे एक बैंक खाते की जानकारी भेजकर लगातार रुपये जमा करने को कहा जा रहा है। पैसे नहीं देने पर चैट वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने अब तक कुल 23 हजार रुपये की ठगी होने और दो लाख रुपये की मांग किए जाने की शिकायत की है।

एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज

मोहिद ने बताया कि उसकी मां बीमार हैं और इलाज के लिए दिल्ली गई हुई हैं। घटना के बाद घबराहट के कारण वह तत्काल शिकायत नहीं कर सका। बाद में उसने एसएसपी अनुराग आर्य से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने युवती शिफा, नन्नू, जीशान के भाई और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *