google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSAI चित्र।

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के चार बड़े सरकारी अस्पतालों का संचालन अब सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इनमें बरेली का 300 बेड संयुक्त चिकित्सालय भी शामिल है। इन अस्पतालों का संचालन अगले 30 वर्षों तक निजी संस्थाओं के माध्यम से किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बरेली समेत चार जिलों के अस्पतालों को मिली मंजूरी

कैबिनेट के फैसले के तहत बरेली के 300 बेड संयुक्त चिकित्सालय के अलावा अंबेडकरनगर के टांडा स्थित 200 बेड मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग, बांदा के 200 बेड मंडलीय चिकित्सालय और चित्रकूट के कर्वी स्थित 200 बेड मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विंग को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने की स्वीकृति दी गई है। इन अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

12 विशेषज्ञ और तीन अतिविशेषज्ञ सेवाओं का मिलेगा लाभ

पीपीपी मॉडल पर संचालित होने वाले अस्पतालों में 12 विशेषज्ञ और कम से कम तीन अतिविशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, अस्थि रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, त्वचा रोग, दंत चिकित्सा, मनोरोग, आपातकालीन एवं ट्रॉमा तथा क्रिटिकल केयर और एनेस्थिसियोलॉजी की सेवाएं शामिल होंगी। इसके अलावा हृदय रोग, न्यूरोलॉजी और यूरोलॉजी अथवा नेफ्रोलॉजी से संबंधित अतिविशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

ओपीडी से लेकर ऑपरेशन तक की सुविधाएं होंगी उपलब्ध

अस्पतालों में ओपीडी, भर्ती मरीजों के उपचार, शल्य चिकित्सा, पैथोलॉजी, एक्स-रे और अन्य इमेजिंग सेवाओं की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही गंभीर मरीजों के लिए 24 घंटे आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। इससे बड़े शहरों के अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होने की भी उम्मीद है।

ओपीडी और जांच के लिए मरीजों को देना होगा निर्धारित शुल्क

अस्पतालों का संचालन निजी हाथों में जाने के बाद मरीजों को ओपीडी, जांच और अन्य चिकित्सा सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। यह शुल्क लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) की निर्धारित दरों के अनुसार लिया जाएगा। ऐसे में सामान्य मरीजों को उपचार के लिए तय दरों के मुताबिक भुगतान करना पड़ेगा।

आयुष्मान कार्ड धारकों को पांच लाख तक कैशलेस इलाज

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थियों को इन अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत पात्र मरीज निर्धारित सीमा तक इलाज का लाभ ले सकेंगे। सरकार के इस फैसले से बरेली और आसपास के जिलों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। खासकर गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए बड़े शहरों की दौड़ लगाने से राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *