बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव–डीजीपी राजीव कृष्ण ने गुरुवार को बरेली में मंडलीय समीक्षा बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक, भीड़ प्रबंधन और समन्वय व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि तीसरे और चौथे सोमवार को अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के साथ-साथ अनुशासन भी हर हाल में बनाए रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ रूट पर मांस और मदिरा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहे तथा मार्गों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। डीजीपी ने कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तत्काल मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने डीजे संचालकों के साथ बैठक कर ध्वनि की सीमा और डीजे के आकार को निर्धारित करने के भी निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। अफसरों के साथ बैठक करते मुख्य सचिव और डीजीपी। विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर मुख्य सचिव का जोर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस, प्रशासन, नगर निकाय, स्वास्थ्य, बिजली, लोक निर्माण और परिवहन विभाग के बीच बेहतर तालमेल से ही व्यवस्थाएं सुचारु रह सकेंगी। उन्होंने सभी विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास परियोजनाओं के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। अफसरों के साथ बैठक करते मुख्य सचिव और डीजीपी। नौ जिलों के डीएम-एसपी रहे मौजूद मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन मैदान पहुंचे। वहां से वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर, एडीजी, आईजी और डीआईजी के अलावा बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा और सावन माह की तैयारियों से जुड़ी विस्तृत बुकलेट भी मुख्य सचिव और डीजीपी के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसमें सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का पूरा खाका रखा गया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए।