google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyसीएम योगी आदित्यनाथ।

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 13 अक्टूबर को प्रस्तावित जनसभा कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है। सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। रोडवेज बसों के मार्ग भी बदले रहेंगे। इस दौरान नावल्टी स्थित पुराने रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन बंद रहेगा और सभी रोडवेज बसें सैटेलाइट बस अड्डे से संचालित होंगी।

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, परसाखेड़ा रोड नंबर एक, विल्वा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से किसी भी भारी वाहन को शहर की ओर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह प्रतिबंध सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा।

दिल्ली और रामपुर से बदायूं जाने वाले वाहनों का यह रहेगा रास्ता

दिल्ली और रामपुर की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास होकर विल्वा, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमौरा के रास्ते निकलेंगे। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा। नैनीताल और पीलीभीत रोड से बदायूं जाने वाले भारी वाहन विल्वा, विलयधाम और नवदिया झादा से इसी निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

लखनऊ और दिल्ली जाने वाले वाहन बाईपास से गुजरेंगे

दिल्ली और रामपुर से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन झुमका से बड़ा बाईपास होकर विल्वा, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी के रास्ते जाएंगे। लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए बड़े बाईपास से निकलेंगे। बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज और फतेहगंज पूर्वी से इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे। इनमें दिल्ली जाने वाले वाहन बड़े बाईपास से आगे जाएंगे।

दिल्ली और पीलीभीत की बसों के भी बदलेंगे मार्ग

दिल्ली और रामपुर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा, मिनी बाईपास, कर्मचारी नगर, इज्जतनगर तिराहा, आईवीआरआई रोड, आदिनाथ चौक स्थित डेलापीर तिराहा, सौ फुटा पश्चिमी, सौ फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस अड्डे पहुंचेंगी। वापसी में भी बसें इसी रास्ते से चलेंगी। पीलीभीत से आने वाली रोडवेज बसें विलयधाम, बैरियर-दो, सौ फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर के रास्ते सैटेलाइट पहुंचेंगी और इसी मार्ग से लौटेंगी।

बदायूं और शाहजहांपुर की बसों के लिए यह व्यवस्था

बरेली से बदायूं जाने वाली रोडवेज बसें सैटेलाइट से इन्वर्टिस तिराहा, फतेहगंज पूर्वी, बुखारा मोड़ और देवचरा चौराहा होते हुए जाएंगी। वापसी में भी इसी मार्ग से सैटेलाइट पहुंचेंगी। शाहजहांपुर और लखनऊ से आने वाली रोडवेज बसें इन्वर्टिस तिराहा होकर सैटेलाइट आएंगी और इसी रास्ते से अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी।

छह प्रमुख चौराहों की ओर स्कूल बसों पर रोक

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रकार की स्कूल बसों का चौपला चौराहा, चौकी चौराहा, कचहरी तिराहा, सर्किट हाउस चौराहा, पटेल चौक और गांधी उद्यान की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने शहरवासियों से अपील की है कि कार्यक्रम के मद्देनजर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *